पार्किंग टेंडर रद्द होने की खबर निराधार, खुद किया टेंडर सरेंडर, सभी भुगतान समय पर किए : राजीव राम
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: शहर में रेलवे पार्किंग टेंडर को लेकर चल रही खबर पर ठेकेदार राजीव राम ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। एतराज जताते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि टेंडर रद्द होने का कारण भुगतान न करना नहीं, बल्कि उनका स्वयं का निर्णय था। उन्होंने खुद ही टेंडर सरेंडर कर दिया। क्योंकि उन्हें भारी आर्थिक क्षति हो रही थी। राजीव राम ने कहा कि उन्होंने रेलवे को लाइसेंस फीस, बिजली बिल और एमडी मनी समेत सभी जरूरी भुगतान समय पर और नियमित रूप से जमा किए हैं।
उन्होंने बताया कि करीब 9 महीनों तक उन्होंने पार्किंग का संचालन किया, जो बिना भुगतान के संभव नहीं है। उनके अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर यह गलत प्रचार कर रहे हैं कि आर्थिक कमजोरी के कारण वे टेंडर नहीं चला पाए।
ठेका रद्द किया जाना अगर कोई प्रमाणित करें तो वे उसे एक करोड़ का इनाम देंगे : राजीव राम
राजीव राम ने इन आरोपों को खारिज करते हुए खुला चैलेंज भी दिया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति रेलवे के किसी भी अधिकारी से लिखित प्रमाण लाकर यह साबित कर दे कि टेंडर भुगतान न करने के कारण रद्द हुआ, तो वह उसे 1 करोड़ रुपये का इनाम देंगे। इतना ही नहीं, है यदि यह साबित हो जाता है कि रेलवे ने उनसे टेंडर छीना है, तो वे 5 करोड़ रुपये तक देने को तैयार हैं।
उन्होंने आगे बताया कि प्रतिदिन 20 से 25 हजार रुपये के नुकसान के कारण उन्होंने स्वेच्छा से टेंडर छोड़ा। कुल मिलाकर उन्हें 30 से 40 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ। फिलहाल, वे आगामी री-टेंडर में भाग लेने की तैयारी कर रहे।
