नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: एक की मौत, एसडीएम के पुत्र और गायक संजीव बनर्जी की बेटी समेत 7 घायल
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना अंतर्गत टाटा-रांची मार्ग पर मंगलवार सुबह एक मारुति स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो के बीच हुई सीधी भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखचे उड़ गए और बोलेरो सड़क पर ही पलट गई।

मृतक जमशेदपुर के साकची गुरुद्वारा बस्ती का
पुलिस के अनुसार, जमशेदपुर के साकची गुरुद्वारा बस्ती के चार युवक-युवती स्विफ्ट डिजायर (JH05CL 3072) से रांची की ओर जा रहे थे। मुखिया होटल के समीप कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदते हुए विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो (JH05DT 4527) से टकरा गई। हादसे में कार पर सवार नवजोत सिंह (22 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार चला रहे एसडीएम संजय पांडे के पुत्र आशीष पांडे, शहर के प्रसिद्ध गायक संजीव बनर्जी की पुत्री दिशा बनर्जी, मनदीप सिंह, बोलेरो सवार अमरातून बीबी, एम.डी. इसराइल व अन्य घायल हैं।
घायलों को लाया गया जमशेदपुर

सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से जमशेदपुर भेजा गया। दिशा बनर्जी और अमरातून बीबी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दिशा के सिर में चोट के कारण टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में उनका ऑपरेशन किया गया है। अन्य घायलों का उपचार एमजीएम और टीएमएच में जारी है।
हादसे के बाद मची अफरा तफरी, मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया
हादसे के बाद घटनास्थल पर अपरा तफरी मच गई। भारी भीड़ जमा हो गई जिसकी वजह से यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा।सूचना मिलते ही चौका और चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची। यातायात को सामान्य कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है। बोलेरो सवार यात्री सरायकेला के कुकडू प्रखंड के निवासी बताए जा रहे हैं।
